शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये मझगईं थाना परिसर में हुई पीस कमेटी की बैठक
- शहंशाह आलम सम्पादक
- 24 Feb, 2026
मझगई। आगामी त्योहारों को देखते हुए थाना मझगई में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार की
उपस्थिति में आगामी होली और पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आपसी सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में होलिका दहन पर भी विशेष रूप से होलिका दहन के स्थानों और जुलूस के रास्तों को लेकर चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि वे परंपराओं का पालन करते हुए एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें।बैठक में थाना प्रभारी राजू राव, हल्का प्रभारी भूपेंद्र सिंह, जगदीश कुमार, गौरव सिंह, और राम सुमेर साहनी सहित पुलिस बल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।बैठक में क्षेत्र के सभी धर्मगुरु, ग्राम प्रधान और सम्मानित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वे पूर्ण सहयोग करेंगे और त्योहारों को मिल-जुलकर हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे।
प्रशासन की तरफ से चेतावनी है कि त्योहार खुशियों का प्रतीक हैं। किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *

